शहर के तिरुपति नगर से गुरुवार सुबह स्कूल के लिए निकला 12वीं कक्षा का छात्र शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र स्थित माही नदी में मृत मिला। छात्र के लापता होने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार तिरुपति नगर निवासी तुलसी राठौड़ ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र देवराज सिंह राठौड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नूतन में कक्षा 12वीं का छात्र था। गुरुवार सुबह वह स्कूल ड्रेस पहनकर बैग के साथ घर से स्कूल के लिए निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
ये भी पढ़ें: Jaipur: 'शिक्षिका से मदद मांगती रही मासूम...पर नहीं सुनी बात'; अमायरा केस का नया फुटेज देख रो पड़े माता-पिता
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छात्र के दोस्तों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार दो दोस्तों ने बताया कि स्कूल से निकलने के बाद वे माही नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान देवराज नदी में डूब गया। दोस्तों के बताए स्थान पर शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र में माही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की तलाश के बाद शाम को छात्र का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद पीपलखूंट थाना पुलिस के सहयोग से शव को बांसवाड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया।
शव मिलने के बाद परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी मनीष चारण ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र की मौत केवल डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।