फर्जी दस्तावेजों से बनी नर्स, खुलासा होने पर अब केस
वनरक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बिठाने के मामले में चर्चित रहे बांसवाड़ा जिले में अब नया मामला चिकित्सा विभाग की भर्ती में सामने आया है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो अभ्यर्थियों ने नर्स की नौकरी हासिल कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद उनके खिलाफ घाटोल थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है।
घाटोल थानाधिकारी प्रवीणसिंह सिसोदिया ने बताया कि 2020 में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद पर भर्ती प्रक्रिया के तहत ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी घाटोल के अधीन आने वाले छोटी पड़ाल और उदाजी का गढ़ा के उप स्वास्थ्य केंद्र में क्रमश: रीना मीणा और ज्योति राणा का पदस्थापन हुआ था। कुछ समय पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गोपनीय शिकायत मिली, जिसमें दोनों नर्स के दस्तावेज फर्जी होना बताया गया था।
दस्तावेजों में लगाई फर्जी अंकतालिकाएं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश पर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी घाटोल ने इस मामले में पुलिस को अवगत कराया तो जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि दोनों अभ्यर्थियों ने नियुक्ति के दौरान जो दस्तावेज संलग्न किए गए थे, उसमें मध्य प्रदेश से उत्तीर्ण कक्षा 10वीं की अंकतालिकाएं फर्जी थी। इन अंकतालिकाओं को सत्यापन के लिए मध्यप्रदेश राज्य ओपन स्कूल भोपाल भेजा। भोपाल से मिली जानकारी पर सामने आया कि रीना और ज्योति ने जो 10वीं उत्तीर्ण की अंकतालिकाएं दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत की, वह मध्यप्रदेश राज्य ओपन स्कूल से जारी ही नहीं हुई थी।
अब केस दर्ज
जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बांसवाड़ा ने कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी घाटोल की शिकायत पर उप स्वास्थ्य केंद्र छोटी पडाल में कार्यरत रीना मीणा और उप स्वास्थ्य केंद्र उदाजी का गढ़ा में पदस्थापित ज्योति राणा के खिलाफ पुलिस ने धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी सामने आए मामले
गौरतलब है कि बांसवाड़ा में वन रक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के साथ ही ग्राम विकास अधिकारी, छात्रावास अधीक्षक, शारीरिक शिक्षक भर्ती, द्वितीय और तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बिठाने के मामले जून 2024 से सामने आए थे। इसके बाद से करीब 50 से अधिक अभ्यर्थियों के खिलाफ प्रकरण थानों में दर्ज हुए हैं।