राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरपंच चुनाव का नतीजा घोषित होते ही हिंसा भड़क गई। छोटी सरवा पंचायत समिति क्षेत्र के बावड़ी निनामा मतदान केंद्र पर 32 मतों से चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने मतदान दल पर पथराव और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उपद्रवियों ने जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी। हमले और पथराव में मतदान दल के कई कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हार की घोषणा होते ही मतदान केंद्र पर पथराव और मारपीट
मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने प्रत्याशी ललित कुमार की 32 मतों से हार की घोषणा की। नतीजा सामने आते ही उनके समर्थक भड़क गए और देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई। समर्थकों ने मतदान केंद्र पर पथराव और मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान उपद्रवियों ने मतदान केंद्र परिसर में खड़ी जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अचानक हुए पथराव और हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में मतदान दल के कई कर्मचारी गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, कुछ लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कुशलगढ़ के उपखंड अधिकारी मुकेश मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा।
पुलिस ने इलाके में दबिश देकर उपद्रव और आगजनी में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उपखंड अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।