सार
कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के माचा गांव में बहन से चल रहे विवाद को सुलझाने आए युवक पर उसके जीजा ने चाकू से हमला कर दिया। पेट में 10 सेमी गहरा घाव लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे उदयपुर रेफर किया गया। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के माचा गांव में सोमवार दोपहर बाद बहन से हुई अनबन पर समझाइश कर रहे साले को जीजा ने पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद तुरंत उसे बांसवाड़ा लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं, मौके पर ही ग्रामीणों ने आरोपी जीजा को धर दबोचा। उसे कुशलगढ़ थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
अस्पताल आए परिजनों के अनुसार घायल युवक रोहित पुत्र याकूब अगोरिया गांव का है। उसकी बहन की शादी ईंटाला गांव में कराई थी। करीब दो माह पहले विवाद होने के कारण बहन पीहर आ गई थी। रोहित इस विवाद को सुलझाकर पुनः बहन का घर बसाना चाह रहा था। सोमवार को बाजार में उसकी मुलाकात अपने जीजा मोहन से हुई। उसने बहन के साथ चल रही अनबन को दूर करने के लिए बातचीत की और अपने घर चलने को कहा।
बातों-बातों में बहस, फिर घोंपा चाकू
जीजा रोहित के साथ तो गया, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही बातों-बातों में दोनों में बहस हो गई। इस दौरान तैश में आए जीजा मोहन ने पैंट की जेब से चाकू निकालकर रोहित के पेट में घोंप दिया। इससे गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। रोहित लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। लोगों ने परिवार को सूचना दी और इसके बाद रोहित को बांसवाड़ा महात्मा गांधी चिकित्सालय लाया गया।
ये भी पढ़ें- Jaipur News: अब ब्लड के लिए नहीं भटकेंगे तीमारदार, एक क्लिक पर मिलेगी स्टॉक की जानकारी
10 सेमी गहरा घाव, आंतों को नुकसान
महात्मा गांधी चिकित्सालय रोहित का उपचार करने वाले चिकित्सक हितेन व्यास ने बताया कि मरीज के पेट में करीब 10 सेंटीमीटर गहरा घाव है। वार काफी तेजी से किया गया है। अधिक गहराई तक चाकू पहुंचने के कारण आंतों को गंभीर नुकसान हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया है।