बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत को कथित रूप से फेसबुक लाइव के दौरान एक व्यक्ति ने सांसद को मारने पर 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा कर दी। रोत फेसबुक लाइव पर आदिवासियों की जमीन हड़पने के कथित मामलों को लेकर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। इसी दौरान चंद्रवीर सिंह नामक यूजर ने कमेंट सेक्शन में यह धमकी दी। धमकी वाले कमेंट का स्क्रीनशॉट्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। इस धमकी के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वहीं, सांसद रोत ने बताया कि वे इस मामले की शिकायत उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक से करेंगे। सोशल मीडिया पर मिली इस धमकी के बाद रोत के समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार जिले के नाई थाना क्षेत्र में आदिवासियों की जमीन हड़पने के विरोध में मंगलवार को सांसद रोत पत्रकार वार्ता कर रहे थे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सोशल मीडिया पर लाइव की जा रही थी। इसी दौरान चंद्रवीर नामक व्यक्ति ने कमेंट किया कि राजकुमार रोत के कारण इस क्षेत्र में अशांति फैली हुई है। जो सांसद को गोली मारेगा, उसे एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। कमेंट के वायरल होने के बाद आरोपी ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिया।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: सचिन पायलट का भाजपा पर तीखा प्रहार, बोले- जनता का सरकार पर से विश्वास टूटा, बिहार में बदलाव तय
राजकुमार रोत ने इस कमेंट को लेकर कहा कि पत्रकार वार्ता के दौरान यह धमकी दी गई। नाई थाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों द्वारा पीड़ित परिवार की ही जमीन की रजिस्ट्री कराना अनुचित था और वे इसी मुद्दे पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि धमकी देने के बाद भी आरोपी पकड़ा नहीं गया है। पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, क्या किसी हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी?
सांसद रोत बुधवार को उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव से मुलाकात कर लिखित शिकायत देंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक बांसवाड़ा या डूंगरपुर पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में सत्ता की आड़ में कई लोग अवैध धंधों में लिप्त हैं। हमारी पार्टी लगातार इसका विरोध करती रही है। उदयपुर में भी कई आदिवासियों की जमीनें कब्जाई गई हैं। सांसद रोत को सोशल मीडिया पर सरेआम दी गई इस धमकी को लेकर उनके समर्थकों में रोष व्याप्त है और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Rajasthan News: DGP से मिले हनुमान बेनीवाल, कहा- रमेश रुलानिया और कमलेश सुथार हत्याकांड में हो सख्त कार्रवाई