बांसवाड़ा के गेमन पुल पर व्यापारी के मुनीम से हुई 18 लाख रुपये की नकदी और कार लूट के मामले में आंबापुरा पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ के दौरान लूट की वारदात से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में बीएपी पार्टी का एक प्रत्याशी भी शामिल है, जिसने चुनावी खर्च जुटाने के लिए इस पूरी लूट की साजिश रची थी।
सड़क पर ट्रैक्टर अड़ाकर की वारदात
आंबापुरा थाना प्रभारी निर्भयसिंह राणावत ने बताया कि आरोपियों ने लूट की वारदात को पूरी तरह से फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया था। बदमाशों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत सड़क पर ट्रैक्टर इस तरह खड़ा कर दिया कि व्यापारी के मुनीम को कार रोकना पड़ी। जैसे ही कार रुकी, बदमाश मुनीम से 18 लाख रुपये की नकदी और कार लूटकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: जयपुर: कुकर से सिर पर वार कर फंदे से लटकाया शव, कोर्ट के आदेश पर पत्नी, बेटी और साले पर हत्या का केस दर्ज
सदर थाना क्षेत्र से चार आरोपी गिरफ्तार
जांच के आधार पर आंबापुरा पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में दबिश देकर चार आरोपियों अजय डिंडोर, प्रकाश कटारा, मोहनलाल और कन्हैयालाल को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें एमजी अस्पताल ले गई, जहां उनका मेडिकल कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से बांसवाड़ा जिले में हुई अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है, जिससे अन्य मामलों का पर्दाफाश हो सकता है।