आग का गोला बना अनियंत्रित ट्रेलर
- फोटो : अमर उजाला
जिले के मंडली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम भारतमाला हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर के अगले हिस्से में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर जैसे ही डिवाइडर से टकराया, जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियां उड़ने लगीं। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कोई भी व्यक्ति वाहन के पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। कुछ ही देर में आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठने लगीं और काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया।
ये भी पढ़ें: Barmer News: ईडी ने एनजीओ के दफ्तर पर छापा मारा, संदिग्ध लेनदेन का अंदेशा, दस्तावेज खंगालने में जुटी टीम
फायर ब्रिगेड को सूचना मिलते ही राहत दल मौके पर पहुंचा लेकिन उसे पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए, तब तक ट्रेलर का ढांचा पूरी तरह जलकर राख में बदल गया था। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, मगर ट्रेलर की बनावट तक पहचानना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही मंडली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर यातायात रोक दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम जैसी स्थिति रही। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रेलर चालक की मौजूदगी को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।