दुष्कर्म के आरोपों से घिरे राजस्थान के पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने स्वीकार किया है कि वे पीड़ित महिला से कई बार मिले हैं लेकिन उनके बीच जो भी हुआ वह आपसी सहमति से हुआ।
नागर का कहना है कि पिछले 2-3 सालों में वे महिला से 15-20 बार अकेले में मिले और आपसी सहमति से ही उनके बीच सभी चीजें हुईं।
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को भी महिला के साथ दुष्कर्म नहीं किया, बल्कि जो भी किया आपसी सहमति से हुआ। नागर का आरोप है कि महिला ने षड्यंत्र के तहत ही मित्रता कर उनसे नजदीकियां बढ़ाई और उन्हें फंसाया है।
जानकारी मुताबिक नागर को पूछताछ के लिए बुलाने के लिए सीबीआई ने नोटिस भेजा है। नागर से सीबीआई इसी सप्ताह पूछताछ कर सकती है।
नागर की डीएनए रिपोर्ट को लेकर जांच अधिकारी ने सीबीआई के आला अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद नागर को पूछताछ के लिए बुलाने का नोटिस तैयार किया।
सीबीआई प्रवक्ता का कहना है कि नागर को इसी सप्ताह पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। नागर ने कहा-मैंने उन लोगों के नाम और मोबाइल नंबर दिए हैं जो साजिश कर रहे हैं।
उनका कहना है कि उन्होंने सीआईडी को वे नाम और मोबाइल नंबर दिए थे जिन्होंने महिला को मोटी राशि दी है और उन्हें फंसवाया है।