राजस्थान एटीएस ने जिले के रावला मंडी क्षेत्र के गांव 12 केएनडी में आरडीएक्स और हथियार मिलने के मामले में मुख्य आरोपी कुलवंत उर्फ सूखा को गिरफ्तार किया है। एटीएस की टीम आरोपी को पंजाब की फिरोजपुर जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर आई है। इसके बाद टीम ने आरोपी को घड़साना न्यायालय में पेश किया, जहां से एटीएस को 23 नवंबर तक आरोपी की पुलिस रिमांड मिली है। एटीएस निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि कुलवंत उर्फ सूखा से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी। इस पूछताछ के जरिये मामले के विभिन्न पहलुओं तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी।
पंजाब के हमले में भी था वांछित
मुख्य आरोपी कुलवंत उर्फ सूखा पंजाब में हुए एक गंभीर अपराध में भी शामिल रहा है। वह पंजाब के जलालाबाद में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी काफी समय से वांछित चल रहा था। पंजाब पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एटीएस की टीम अब आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें: जयपुर: राजस्थान में विदेशी MBBS डिग्री फर्जीवाड़ा, SOG ने 5 और आरोपी दबोचे
पाकिस्तान से जुड़े तारों की पड़ताल
यह मामला 13 अक्तूबर का है, जब अनूपगढ़ जिले के रावला मंडी क्षेत्र स्थित गांव 12 केएनडी में लगभग 8 किलोग्राम आरडीएक्स और अन्य हथियार बरामद हुए थे। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियों ने पाकिस्तान से विस्फोटक सामग्री व हथियार भारत पहुंचाए जाने के कोण से अपनी जांच शुरू की थी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान एटीएस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विस्फोटक पहुंचाने वाली कड़ियों की जांच कर रही है। आरोपी से 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी।