अलवर के खैरथल जिले के पडिसल गांव में एक नवविवाहित महिला मंजा देवी ने ससुराल में धर्म परिवर्तन का दबाव और प्रताड़ना झेलने के बाद आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से पहले वीडियो में पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राजस्थान के अलवर जिले के नवगठित खैरथल ज़िले के पडिसल गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहित महिला मंजा देवी ने कथित रूप से धर्म परिवर्तन के दबाव और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, मंजा देवी की शादी जनवरी 2025 में लकधमन सिंह राजपूत से हुई थी। विवाह के कुछ महीनों बाद ही उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाला जाने लगा।
विज्ञापन
पीड़िता ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर बताया कि उसके हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों को तोड़ा गया या घर से बाहर फेंक दिया गया। साथ ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कई बार ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे। मजबूर होकर मंजा देवी ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और दोषियों को उदाहरणात्मक सजा देने की अपील की है।
यह मामला केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि खैरथल क्षेत्र में सक्रिय धर्मांतरण नेटवर्क की ओर भी इशारा करता है। इससे पहले भी इस इलाके में धर्म परिवर्तन के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कुछ गिरफ्तारियां भी हुईं, लेकिन उचित कार्रवाई के अभाव में मामले ठंडे बस्ते में चले गए।