शहर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर से महज 200 मीटर की दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 14 वर्षीय मोनीश खान, पुत्र मौसम खान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Alwar News: सरकारी अस्पताल में स्ट्रेचर पर तड़प रहा था शिक्षक, आधार कार्ड न होने पर नहीं शुरू किया इलाज
जानकारी के अनुसार मोनीश सातवीं कक्षा का छात्र था और घटना के समय दुकान से कुछ सामान खरीदकर घर लौट रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक ने कान में ईयर फोन लगा रखा था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और उसका साथी वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर थाने ले लिया और चालक की तलाश में नाकेबंदी भी की लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
मृतक मोनीश मौसम खान का घर का सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में अब एक बेटा और एक बेटी शेष हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।