अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक राजकीय संस्कृत विद्यालय के कमरे में शिक्षक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय हंसराज जांगिड़ के रूप में हुई है।
घर नहीं लौटे शिक्षक तो हुआ खुलासा
हंसराज जांगिड़, जो थानागाजी के किशोरी गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत स्कूल में कार्यरत थे, सोमवार को अपनी ड्यूटी पर गए थे। शाम को स्कूल की छुट्टी के बाद जब वे रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने उन्हें फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां तलाश करने के बाद परिजन रात करीब 10 बजे स्कूल पहुंचे। स्कूल की चाबी शिक्षक अपने पास रखते थे। जब परिजनों ने स्कूल के एक कमरे में जाकर देखा, तो वहां हंसराज का शव पड़ा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थानागाजी थानाधिकारी रामस्वरूप पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाया गया है। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। हालांकि उन्होंने पुलिस को बताया है कि शिक्षक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे।
ये भी पढ़ें:
जमीन विवाद में हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हंसराज मूल रूप से किशोरी गांव के निवासी थे, लेकिन वर्तमान में अपने परिवार (पत्नी और दो बच्चों) के साथ थानागाजी में रह रहे थे। स्कूल स्टाफ के अनुसार, वे एक कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारी थे और उन्होंने बीएलओ (BLO) व एसआईआर (SIR) के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद गांव और शिक्षा जगत में शोक व्याप्त है।