जिले के अरावली विहार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में चोरों ने रेलवे पुलिस के सब इंस्पेक्टर कृष्णपाल मीणा के घर में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एसी की खिड़की और दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर कृष्णपाल मीणा की पत्नी प्रमिला मीणा भाई दूज पर अपने पीहर गई हुई थीं। उनका बेटा नितिन मध्यप्रदेश में बैंक में नौकरी करता है और वह भी घर पर नहीं था, जबकि कृष्णपाल मीणा खुद दिल्ली में ड्यूटी पर थे।
ये भी पढ़ें: Alwar News: बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की साइकिल रैली, जागरूकता से दिया सुरक्षा का संदेश
24 अक्टूबर को जब प्रमिला घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि एसी की जगह से दीवार उखड़ी हुई है और पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा है। चोर एसी निकालकर अंदर घुसे और करीब 20 हजार रुपए नकद व सोने-चांदी के जेवरात (पाजेब, चुटकी, अंगूठी, चेन और सोने की दो लौंग) चोरी कर ले गए।
सूचना मिलते ही मकान मालिक सब इंस्पेक्टर कृष्णपाल मीणा दिल्ली से छुट्टी लेकर अलवर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।