जमीन विवाद में पिता-पुत्र घायल
- फोटो : अमर उजाला
जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बूरा खुर्द में डेढ़ बीघा जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। संघर्ष में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल अलवर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल लक्ष्मण ने आरोप लगाया कि उनके भाई के बेटे जगदीश सहित भगवान सहाय, राजेंद्र, भागचंद और अन्य लोगों ने उन पर तथा उनके बेटे सुरेश पर हमला किया। उनके अनुसार जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इस संबंध में फैसला भी हो चुका था।
ये भी पढ़ें: Bikaner News: प्रसूता की मौत के मामले में खत्म हुआ गतिरोध, समझौते के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की सहमति दी
आरोप है कि मंगलवार को विरोधी पक्ष के लोगों ने पहले सुरेश के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर जब लक्ष्मण मौके पर पहुंचे तो उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल अलवर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष ने राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।