जिले में आज भाईदूज का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली महिलाओं की भीड़ लगी रही। इसके अलावा महिलाएं जेल में बंद अपने भाइयों का तिलक करने अलवर सेंट्रल जेल पहुंचीं, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच बहनों ने अपने भाइयों के तिलक किया। बड़ी संख्या में जिला कारागार पहुंची बहनों ने जेल में बंद कैदियों का तिलक कर उन्हें मिठाई खिलाई और उनसे अपराध की दुनिया छोड़ने का वचन लिया।
इस मौके पर जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए थे। मिठाई और पूजा सामग्री भी जिला कारागार ने ही उपलब्ध कराई थी। बहनों ने अपने भाइयों से अपराध की दुनिया छोड़ने का वचन लिया।
अपने भाई से मिलने आई सविता ने भावुक होकर कहा कि अपने भाई से मिलने पर वह उससे पूछेगी कि आखिर उसने ऐसा काम ही क्यों किया, जिसकी वजह से त्योहार मनाने यहां आना पड़ा। उसने कहा कि वह बाकी लोगों से भी यही कहना चाहती है कि कोई भी किसी तरह का अपराध न करे ताकि किसी भी बहन को इतने बड़े त्योहार को मनाने के लिए जेल तक आना पड़े।