अलवर के शेखपुर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान राईखेड़ा निवासी 26 वर्षीय अमन कुमार, पुत्र चुन्नीलाल, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन टपूकड़ा स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था और ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ईशरोदा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के भाई अखिलेश ने बताया कि अमन परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था और उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अमन अविवाहित था और अपने माता-पिता का एकमात्र सहारा था।
ये भी पढ़ें:
बहन के घर से लौट रहे मामा-भांजे की सड़क हादसे में मौत, मिट्टी पर फिसली बाइक और ट्रैक्टर से जा भिड़े
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।