फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: अलवर में बड़ा रेल हादसा टला! बेपटरी हुई बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन, इंजन के बाद दूसरी बोगी के पहिए उतरे

Tue, 13 Oct 2026 01:56 PM IST
प्रतीक पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

सार

राजस्थान के अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में मंगलवार दोपहर ईदगाह से बांदीकुई जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन बेपटरी हो गई। मोती का नंगला रेलवे फाटक के पास खंभा नंबर 96/8 के नजदीक इंजन के बाद दूसरी बोगी के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
बेपटरी हुई बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 ईदगाह आगरा से बांदीकुई जा रही मेमू ट्रेन मंगलवार को खेरली रेलवे स्टेशन के पास बेपटरी हो गई। स्टेशन से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर पहले फाटक संख्या 66 और 67 के बीच ट्रेन की दूसरी बोगी के दो पहिये पटरी से उतर गए। अचानक तेज झटका लगने और जोरदार आवाज होने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ। ट्रेन के गार्ड मनोज कुमार यादव ने बताया कि आगरा से सुबह 8:50 बजे ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। सुबह लगभग 11:20 बजे खंभा नंबर 96/8 के सामने बोगी संख्या 228236/C के दो पहिये नीचे उतर गए।

हादसे से रेल यातायात प्रभावित

इस घटना के कारण भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग पर रेल यातायात बाधित हुआ। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए प्रभावित ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से चलाने की व्यवस्था की। गाड़ी संख्या 12548 गांधीधाम-आगरा छावनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को खेड़ली रेलवे स्टेशन से वापस बांदीकुई भेजा गया। इसके बाद इस ट्रेन को बांदीकुई से अलवर और मथुरा के रास्ते आगरा भेजने का प्रबंध किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ रेल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक अमरनाथ चौबे से जानकारी लेने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने बढ़ाए मदद के हाथ

दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी के कारण ट्रेन में फंसे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान रेलवे लाइन के पास स्थित मोती का नंगला गांव के निवासियों ने इन्सानियत की मिसाल पेश की। ग्रामीण महेंद्र मीणा, गोपाल मीना और फूलसिंह मीना अपने घरों से पानी लाकर यात्रियों को पिलाने लगे। इसके कुछ समय बाद रेलवे प्रशासन की तरफ से भी यात्रियों के लिए पानी की बोतलों का वितरण शुरू किया गया। दोपहर लगभग 1:00 बजे मौके पर एम्बुलेंस भी पहुंच गई।

लाइन शिफ्टिंग कार्य के बीच हादसा

क्षेत्र में नदबई से खेरली के बीच रेलवे लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा है। इसी कार्य के दौरान यह हादसा घटित हुआ, हालांकि दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका। ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री जगदीश ने बताया कि वह भरतपुर से बांदीकुई जा रहे थे। बांदीकुई से शाम 4:00 बजे पोरबंदर जाने के लिए उनका आरक्षण था, लेकिन ट्रेन बेपटरी होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें