अजमेर के केकड़ी-सावर इलाके में अज्ञात लुटेरे सब्जी खरीदने के बहाने दुकानदार से 55 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने सावर पुलिस के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सावर के जहाजपुर गेट निवासी गोकुल कुमात सब्जी विक्रेता है। रोज की तरह रविवार को भी वह सदर बाजार में सब्जी मंडी में सब्जियां बेच रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन लोग आए और उससे कद्दू को लेकर मोलभाव करने लगे।
कद्दू काटने के लिए जब गोकुल नीचे झुका, तभी उन लोगों को उसकी जेब में रखे 55 हजार रुपये निकाल लिए और कद्दू लेकर वहां से रवाना हो गए। कुछ देर बाद जब गोकुल को जेब में पैसे न होने का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए।
इसके बाद उसने शोर मचाया। आस-पास के लोगों ने उन युवकों की तलाश भी की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सूचना पाकर सावर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ के बाद अज्ञात लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरसों की फसल के रखे थे पैसे
पीड़ित गोकुल कुमावत के अनुसार वह शनिवार की शाम को सरसों की फसल बेचकर आया था। यह पैसा वह बैंक में जमा कराने के लिए लेकर आया था। लेकिन रविवार होने के चलते बैंक का अवकाश होने से उसने पैसा जेब में ही रख रखा था।
सीसीटीवी फुटेज में इस वारदात को अंजाम देने वाले युवक दिखाई दिए हैं।