अजमेर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, सरस दूध हुआ 2 रुपये लीटर महंगा
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान में आम लोगों पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। अजमेर सरस डेयरी ने दूध की सभी किस्मों के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। डेयरी प्रबंधन का कहना है कि लगातार बढ़ती उत्पादन लागत, ईंधन की कीमतों और किसानों को बेहतर भुगतान देने के कारण यह फैसला लेना मजबूरी बन गया था। अजमेर सरस डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने बताया कि डेयरी लंबे समय से आर्थिक दबाव झेल रही थी। किसानों और उपभोक्ताओं के हितों में संतुलन बनाए रखने के लिए आखिरकार दूध की कीमत बढ़ानी पड़ी।
अमूल और मदर डेयरी के बाद बढ़े दाम
रामचंद्र चौधरी ने कहा कि देश की बड़ी डेयरी कंपनियां अमूल और मदर डेयरी पहले ही दूध के दाम बढ़ा चुकी हैं। ऐसे में अजमेर सरस डेयरी के लिए पुराने रेट पर दूध बेचना संभव नहीं रह गया था।
किसानों को देश में सबसे ज्यादा खरीद मूल्य
डेयरी प्रबंधन का दावा है कि अजमेर सरस डेयरी देश में किसानों को सबसे अधिक खरीद मूल्य दे रही है। किसानों को दूध पर करीब 10 रुपये तक अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है ताकि बढ़ती महंगाई के बीच पशुपालकों को नुकसान न उठाना पड़े।
अप्रैल में 2.5 करोड़ रुपये का घाटा
डेयरी अध्यक्ष के अनुसार, किसानों को बेहतर भुगतान जारी रखने के कारण अकेले अप्रैल महीने में डेयरी को करीब 2.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें-
Rajasthan: वेब सीरीज देखकर महिला और मासूम को बनाया बंधक, छह राज्यों में तलाश के बाद ‘अपना’ ही निकला लुटेरा
डीजल, गैस और पैकिंग खर्च बढ़ा
डेयरी ने बताया कि गांवों से दूध संग्रह और बाजार तक पहुंचाने की लागत काफी बढ़ गई है। डीजल और पीएनजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ दूध की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला मटेरियल भी 30 से 40 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है।
सरकार से डेयरी व्यवसाय को कृषि में शामिल करने की मांग
रामचंद्र चौधरी ने केंद्र सरकार से डेयरी व्यवसाय को कृषि क्षेत्र में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी राशन व्यवस्था जैसी सब्सिडी मिले, तो आम लोगों को सस्ती दरों पर दूध उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि भविष्य में डीजल, गैस और पैकिंग लागत और बढ़ती है तो दूध की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है।