राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग के लिए आयोजित बायोकेमिस्ट प्रतियोगी परीक्षा-2024 का परिणाम जारी कर दिया है। यह परीक्षा 7 जून 2025 को आयोजित की गई थी। आयोग ने इस परीक्षा में उपस्थित 46 अभ्यर्थियों को पात्रता की शर्त पर साक्षात्कार हेतु पूर्णतः अस्थायी रूप से सफल घोषित किया है।
आयोग सचिव ने जानकारी दी कि साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थी विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर दो प्रतियों में भरकर सभी आवश्यक शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य प्रमाण-पत्रों की फोटोकॉपी के साथ 28 अक्तूबर 2025 तक आयोग कार्यालय में जमा कराएं।
अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच विज्ञापन में उल्लिखित शर्तों के अनुसार की जाएगी और केवल पात्र अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार की तिथि आयोग द्वारा यथासमय घोषित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- SMS अस्पताल में कमाल: दूरबीन पद्धति से मरीज की आहार नली से निकाली घड़ी, बड़ी आंत से कीलें व नट-बोल्ट भी हटाए
सहायक अभियंता संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2024 की मॉडल उत्तरकुंजी जारी
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियंता संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं। इस परीक्षा में जनरल नॉलेज एंड जनरल साइंस, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के प्रश्नपत्र शामिल थे। यह परीक्षा 28 से 30 सितंबर 2025 तक आयोजित की गई थी।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यदि किसी भी अभ्यर्थी को इन उत्तरकुंजियों पर आपत्ति है, तो वह 15 से 17 अक्तूबर 2025 की मध्यरात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्नपत्र के क्रमांक के अनुसार ही दर्ज की जाएं।
प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए ₹100 (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से भुगतान कर आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क वापसी का कोई प्रावधान नहीं है और आपत्तियां केवल एक बार तथा ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: सेना भर्ती फर्जीवाड़े का आरोपी 27 साल बाद हुआ गिरफ्तार, जोधपुर पुलिस ने गुरुग्राम से दबोचा
आयोग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि आपत्तियों के साथ प्रमाणिक पुस्तकों या स्रोतों के प्रमाण अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं, अन्यथा उन पर विचार नहीं किया जाएगा। तकनीकी कठिनाई आने पर अभ्यर्थी
recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल या फोन नंबर 9352323625, 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं।