अजमेर के जवाहरलाल नेहरू हॉस्पिटल के पुराने ओपीडी पोर्च में सोमवार दोपहर अचानक बिजली पैनल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसा पैनल कक्ष में कबूतर के घुसने से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है।
अचानक हुए धमाके की आवाज से मरीजों और परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया और उपअधीक्षक डॉ. अमित यादव मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े 3 युवक गिरफ्तार, आम लोगों को फंसाकर खुलवाते थे खाते, फर्जी सिम भी बरामद
टेक्निकल टीम ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर आग पर काबू पाया और पैनल की मरम्मत शुरू की। डॉ. सामरिया ने बताया कि ओपीडी ब्लॉक के पास स्थित पैनल में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई है।
आग लगने के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और नर्सिंग स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि आग से दवा काउंटर परिसर के विद्युत उपकरणों और पैनल को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल ओपीडी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बंद रखी गई है और तकनीकी जांच की जा रही है।