राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने वर्ष 2025 की पूरक परीक्षा के आयोजन हेतु महत्वपूर्ण तिथियों व दिशा-निर्देशों की घोषणा कर दी है। बोर्ड के अनुसार, पूरक परीक्षा (प्रायोगिक) 31 जुलाई 2025 से शुरू होगी, जबकि सैद्धांतिक परीक्षाएं 6 अगस्त 2025 से आरंभ होंगी। विद्यार्थियों और स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे मूल अंकतालिकाओं का इंतजार किए बिना समय पर परीक्षा शुल्क जमा कर पूरक परीक्षा की प्रक्रिया पूर्ण करें।
शुल्क जमा कराने की निर्धारित तिथियां
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, स्कूलों के लिए सामान्य परीक्षा शुल्क के चालान भरने की तिथि 1 जुलाई से 10 जुलाई तक तय की गई है। इस अवधि में भरे गए चालानों का शुल्क बैंक में जमा कराने की अंतिम तिथि 12 जुलाई रखी गई है। जो स्कूल किसी कारणवश इस अवधि में चालान नहीं भर पाएंगे, वे 11 जुलाई से 15 जुलाई तक एक अतिरिक्त शुल्क के साथ चालान भर सकते हैं। ऐसे चालानों का बैंक में शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 17 जुलाई होगी। सभी स्कूलों को बैंक रसीद व परीक्षार्थियों की सूची बोर्ड कार्यालय को 20 जुलाई तक अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।
असाधारण शुल्क विवरण
असाधारण परीक्षा शुल्क की श्रेणी में आने वाले नियमित परीक्षार्थियों को 1500 रुपए विशेष शुल्क के साथ 600 रुपए सामान्य शुल्क यानी कुल 2100 रुपए जमा कराने होंगे। वहीं स्वयंपाठी परीक्षार्थियों को 1500 रुपए विशेष शुल्क के साथ 650 रुपए सामान्य शुल्क मिलाकर कुल 2150 रुपए जमा करने होंगे। यह शुल्क केवल पूरक परीक्षा केंद्र पर बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
पढ़ें: चंबल नदी में कूदने से पहले युवक ने बनाया खुद को वीडियो, घरवालों पर लगाए गंभीर आरोप; तीन दिन बाद निकला शव
विशेष छूट
राजस्थान बोर्ड ने सामाजिक उत्तरदायित्व को ध्यान में रखते हुए शहीदों के आश्रितों को परीक्षा शुल्क से पूर्ण रूप से मुक्त किया है। पुलवामा हमले के शहीदों के परिवार, युद्ध में वीरगति को प्राप्त अथवा दिव्यांग सैनिकों के पुत्र-पुत्रियां और विशेष योग्यजन (दिव्यांग) विद्यार्थियों को भी इस श्रेणी में शामिल किया गया है। हालांकि, इन सभी को केवल टोकन शुल्क 50 रुपए का भुगतान करना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नियमित परीक्षार्थियों के लिए सामान्य परीक्षा शुल्क 600 रुपए तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए 650 रुपए निर्धारित है। परीक्षा शुल्क समय पर जमा न कराने की स्थिति में परीक्षार्थी पूरक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।
संपर्क व जानकारी
परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए बोर्ड द्वारा विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षार्थी और स्कूल प्रतिनिधि सीधे संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों व परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय पर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करें, जिससे परीक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।
इस प्रकार, राजस्थान बोर्ड की ओर से जारी की गई इस जानकारी से लाखों विद्यार्थियों को समय रहते पूरक परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलेगा।