एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले और परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में मंगलवार को अजमेर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टायर जलाकर अपना आक्रोश जताया ओर सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा और छात्र मौजूद रहे।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अंकित घारू ने बताया कि नीट परीक्षा से पहले ही पेपर लीक होने की आशंका जताई जा रही थी लेकिन सरकार और संबंधित एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं न कहीं इस पूरे मामले में प्रभावशाली लोगों और नेताओं की भूमिका रही है, जिसके कारण समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 रद्द: सीकर में एक और दो मई की रात का वो खेल जिसने रद्द करवाई नीट; कैसे हुई बंदरबांट? जानिए
उन्होंने कहा कि आखिरकार पेपर लीक की बात सामने आने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है। छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी, वहीं अभिभावकों ने अपने बच्चों को दूसरे शहरों और जिलों में परीक्षा दिलाने के लिए भेजा तथा आर्थिक बोझ भी उठाया। अब परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों में निराशा और मानसिक तनाव का माहौल है।
अंकित घारू ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का सरकारी व्यवस्थाओं से विश्वास उठता जा रहा है। यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र संगठनों द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर किया प्रदर्शन

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर किया प्रदर्शन