राजस्थान लोक सेवा आयोग ने उप-निरीक्षक भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे 30 मई तक आवेदन से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें।
जिन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन में इस्तेमाल की गई एसएसओ आईडी याद नहीं है, उनके लिए आयोग ने वेबसाइट पर सूची जारी की है। इस सूची में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, आवेदन क्रमांक और एसएसओ आईडी दी गई है। अभ्यर्थी वहां से अपनी जानकारी देख सकते हैं। आयोग मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भी यह जानकारी भेज रहा है।
पढ़ें: बाइक सवार तीन लोगों को ट्रेलर ने रौंदा, तीनों की मौत; चालक फरार
अगर किसी अभ्यर्थी का पुराना मोबाइल नंबर या ईमेल बदल गया है और ओटीपी नहीं मिल रहा है, तो वे इसे निःशुल्क अपडेट करवा सकते हैं। इसके लिए आयोग के ग्रीवेंस पोर्टल, ईमेल या कार्यालय में आवेदन दिया जा सकता है। आयोग ने प्रक्रिया समझाने के लिए वेबसाइट पर हिंदी और अंग्रेजी में हेल्प डॉक्यूमेंट और डेमो वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं।
आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन में कोई बदलाव नहीं करना है, उन्हें भी एक बार फॉर्म एडिट मोड में खोलकर लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग की सहमति देकर फाइनल सब्मिट करना जरूरी है। बिना इसके आवेदन अधूरा माना जाएगा। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना 30 मई 2026 से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर लें।