अजमेर जिले में पुलिस की सुस्ती के चलते अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह कार्रवाई करने वाली टीम पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही एक मामला अजमेर जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र स्थित केसरपुरा में सामने आया है। यहां कार्रवाई करने गई रसद विभाग की टीम पर ही लोगों ने हमला कर दिया।
डीएसओ विनय कुमार ने अन्य कर्मचारियों के साथ बायोडीजल की शिकायत मिलने पर ट्रक और ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान डीएसओ अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में घायल हुए अधिकारी और कर्मचारियों को तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी देते हुए मांगलियावास थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिली कि सुबह करीब 6 बजे के आसपास डीएसओ टीम मांगलियावास थाना क्षेत्र स्थित केसरपुरा में दबिश की कार्रवाई के लिए गई थी। यहां 4 से 5 लोगों ने डीएसओ अधिकारी सहित कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घायलों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि जिन हमला करने वाले होटल कर्मचारी व अन्य की तलाश की जा रही है।