केकड़ी क्षेत्र में बूथ पर मतदाताओं की कतारें।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान केकड़ी पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले ग्राम मेवदाकलां में फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने मतदानकर्मियों की मिलीभगत से फर्जी मतदान कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को मौके से खदेड़ा। ग्रामीणों ने एक महिला पर फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया। हंगामे के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश कर मामला शांत कराया। वहीं, छुटपुट घटनाओं को छोड़कर केकड़ी पंचायत समिति की सभी 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। क्षेत्र में कुल 83.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
केकड़ी पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए कुल 83 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन सभी केंद्रों पर मतदान संपन्न हुआ। 76,753 में से 64,027 मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह क्षेत्र में 83.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
बुजुर्गों और दिव्यांगों में भी दिखा मतदान का उत्साह
मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सरपंच पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए।
लोकतंत्र के इस उत्सव में बुजुर्गों और दिव्यांगों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कई दिव्यांग मतदाता परिजनों के कंधों का सहारा लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने ग्राम देवगांव में मतदान किया।
40 साल के मतदाता के वोटर कार्ड में उम्र 103 साल दर्ज
मतदान के दौरान मतदाता सूची और पहचान पत्रों से जुड़ी कुछ विसंगतियां भी सामने आईं। सावर में 40 वर्षीय मुकेश भील ने मतदान किया, लेकिन उनके मतदाता पहचान पत्र में उम्र 103 वर्ष दर्ज थी। इसी तरह मतदाता सूची में एक पुरुष मतदाता की प्रविष्टि में महिला की तस्वीर मुद्रित मिली। इन घटनाओं ने मतदान संबंधी रिकॉर्ड की शुद्धता पर सवाल खड़े किए।