Ajmer: सीआई दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि सद्दाम से अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे और भी मामलों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है
अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस ने क्रिश्चियनगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर को ई-रिक्शा चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही उसके कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया चोर
कोतवाली सीआई दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान पंचशील नगर, सेन्ट स्टीफन स्कूल के पास रहने वाले सद्दाम (29) पुत्र गोमा चीता के रूप में हुई है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। एएसआई मनीराम के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इन फुटेज में आरोपी की पहचान हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे डिटेन किया। पूछताछ में सद्दाम ने अपराध स्वीकार कर लिया और उसकी निशानदेही पर ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया।
18 मार्च को हुई थी चोरी
सीआई दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि इस मामले में परिवादी भगवानगंज पुरानी चौकी के सामने रामगंज निवासी राजपाल पुत्र राजकमल ने 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है और 18 मार्च को सुबह 11 बजे उसने अपना ई-रिक्शा नगर निगम के सामने खड़ा किया था। जब वह दो घंटे बाद लौटा, तो उसका ई-रिक्शा गायब था। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उसने पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
स्मैक के नशे के लिए करता था चोरी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सद्दाम स्मैक का नशा करता है और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी करता था। वह अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, डकैती का प्रयास, मारपीट सहित करीब 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मुकदमे क्रिश्चियनगंज, आदर्श नगर, रामगंज, गेगल, सेन्दड़ा सहित विभिन्न थानों में दर्ज हैं।