जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ।
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर शिक्षा विभाग की 68वीं जिला स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को पीसांगन स्थित फ्यूचर फाउंडेशन द स्कूल में हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा की सेवानिवृत्त अधिकारी स्नेह लता मिश्रा पवार ने झंडारोहण और मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि स्नेह लता पवार ने झंडारोहण व मशाल प्रज्ज्वलि कर खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पवार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद स्वस्थ जीवन की कुंजी है। नियमित रूप से व्यायाम करना भले ही वह कम मात्रा में ही क्यों न हो, अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। खेल खेलना आपके दिल और आपकी सभी अन्य मांसपेशियों को मज़बूत बनाने का एक शानदार तरीका है।
खेलकूद से छात्रों में आत्मविश्वास की वृद्धि होती है। खेलकूद में छात्राएं राष्ट्र एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथी अजमेर कुश्ती संघ के सचिव सौरभ बजाड़ जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी शिव कुमार बंसल पीसागंन सरपंच मंजू देवी एवं अभिलाषा यादव रही। इस अवसर पर अतिथियों का माला साफा एवं शाल पहना कर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। प्रतियोगिता के संयोजक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय पांच दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग की 15 टीम में एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की 15 टीम में भाग ले रही हैं। समारोह में फ्यूचर फाउंडेशन स्कूल की प्राचार्य संगीता शर्मा, तकनीकी प्रमुख अशद खान रमेश चंद, नरेंद्र राठौड़ संजीवनी शर्मा, रविंद्र आदि रहें।