पानी के बीच से दरगाह जाते जायरीन
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान के अजमेर जिले में बिपरजॉय तूफान के चलते शहर में लगातार बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। वहीं, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भी मूसलाधार बारिश के चलते पानी भर गया।
राजस्थान के अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में बिपरजॉय तूफान के चलते अस्पताल के वार्डों में पानी भर गया है। आलम यह है कि वार्डों में भरे पानी से गुजर कर डॉक्टरों को मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। वहीं वार्ड में भरे पानी के बीच में मरीज पलंग पर लेटे हुए हैं। इसके अलावा अस्पताल की ओपीडी सहित अन्य वार्ड भी पानी से भरे नजर आए, लेकिन प्रशासन के बड़े-बड़े दावे यहां पर खोखले साबित हो रहे हैं। बिपरजॉय तूफान से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जब अस्पताल की हालत यह है तो शहर का क्या होगा।
दरगाह में भरा पानी, जायरीन हुए परेशान
वहीं, अजमेर में आज चक्रवाती तूफान के चलते शहर में हुई लगातार बारिश से विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में भी पानी भर गया। इस दौरान जियारत के लिए आने वाले जायरीनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ा। इसके अलावा सुबह से हो रही बारिश से पुष्कर सरोवर और अजमेर की ऐतिहासिक आना सागर झील में भी पानी की अच्छी आवक हुई। तो वहीं दूसरी ओर तूफान से शहर के कई स्थानों पर पेड़ भी गिरे इसके अलावा एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से मकान के पीछे खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बीते दिनों पड़ रही गर्मी के बाद दो दिनों से तूफान के बाद बदले मौसम का शहर वासियों ने लुत्फ भी उठाया।