अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को गांधी भवन, अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने खरगे के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए उन्हें सशक्त और जनोन्मुखी नेतृत्व का प्रतीक बताया।
दीप प्रज्वलन और शुभकामनाओं के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत मल्लिकार्जुन खरगे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद केक काटकर उनके जन्मदिन का उत्सव मनाया गया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर बधाइयां दीं और खरगे की दीर्घायु तथा मजबूत नेतृत्व के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
यह भी पढ़ें- Ajmer News: अजमेर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 मोटरसाइकिलें बरामद, चार गिरफ्तार; एक नाबालिग भी शामिल
खरगे को बताया प्रेरणास्त्रोत, भाजपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पूर्व आरटीडसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का नेतृत्व कांग्रेस के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि खरगे ने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी है और ऐसे समय में जब देश में लोकतंत्र खतरे में है, उनका मार्गदर्शन और भी अधिक जरूरी हो गया है। राठौड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे खरगे के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने लाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है जब कांग्रेसजनों को पूरी ताकत से मैदान में उतरना होगा।
जोशीले नारों से गूंजा गांधी भवन चौराहा
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला। “मल्लिकार्जुन खरगे जिंदाबाद”, “राहुल गांधी जिंदाबाद”, “सोनिया गांधी जिंदाबाद”, “अशोक गहलोत जिंदाबाद” और “गोविंद सिंह डोटासरा जिंदाबाद” जैसे नारों से गांधी भवन चौराहा गूंज उठा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति निष्ठा दोहराई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली, प्रदेश सचिव कैलाश झालीवाल, पार्षद नोरत गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रवाल, कांग्रेस नेता वाहिद मोहम्मद, चंदन सिंह, लक्ष्मी धोलखड़िया, पूर्व पार्षद सर्वेश पारीक, मंडल अध्यक्ष गणेश चौहान, कमल बैरवा, आरिफ खान, अशरफ अली और युवा नेता सम्राट ऊंटडा सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें- Bikaner News: फैक्टरी के हाइड्रोलिक गेट में फंसकर पांच साल की मासूम की मौत; फैक्टरी प्रबंधन जांच के घेरे में
आने वाले चुनावों को लेकर लिया यह संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ, हर गांव और हर शहर तक पहुंच बनाई जाएगी। साथ ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।