मंदिर में जांच करती पुलिस व एसएफएल की टीम
दीपावली से चार दिन पहले शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश करते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने अजमेर दरगाह से करीब एक किलोमीटर दूर बने बालाजी और शिव मंदिर में स्थापित बालाजी की मूर्ति को खंडित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस और दरगाह सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझाइश की। वहीं पुलिस की सूचना पर एम ओ बी (MOB) की टीम मौके पर पहुंची और वहां से फिंगरप्रिंट्स और जांच के लिए सैंपल इकट्ठा किए।
क्षेत्रवासी संदीप तंवर और मंदिर की पुजारी नीतू भोजवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह करीब 7:30 बजे जब वे मंदिर परिसर में आए तो यहां बालाजी की मूर्ति के दो टुकड़े किए हुए थे। इसके बाद मंदिर की पुजारी नीतू की सूचना पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचे और इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंदिर तोड़ने वाले समाज कंटकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।
100 साल से ज्यादा पुराना है मंदिर
मंदिर की पुजारी नीतू भोजवानी के अनुसार मंदिर 100 वर्षों से अधिक पुराना है और यहां पर स्थानीय लोगों की इस मंदिर के प्रति काफी आस्था है। यहां पर दूरदराज से भक्तगण अपनी मांगों के लिए प्रार्थना करते हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर में बालाजी की मूर्ति तोड़े जाने से स्थानीय लोग काफी दुखी हैं।
पुलिस ने किया मौका मुआयना
घटना के बाद मंदिर पहुंची पुलिस और एमओबी की टीम ने मंदिर का मौका मुआयना कर मूर्ति के आसपास और पूरे मंदिर से फिंगरप्रिंट उठाए हैं। साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरा को भी पुलिस गहनता से चेक कर रही है। साथ ही इस त्योहारी सीजन में किसी तरह से माहौल खराब ना हो इसको लेकर पुलिस सतर्क नजर आ रही है।
मंदिर में जांच करती पुलिस व एसएफएल की टीम
मंदिर में जांच करती पुलिस व एसएफएल की टीम