अजमेर में एक महिला कॉन्स्टेबल से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकाने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल सहित उसकी पत्नी, भाई, बहन और जीजा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह पहले से शादीशुदा थी और अजमेर में पोस्टिंग के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी कॉन्स्टेबल से हुई थी। आरोपी ने अपनी कॉन्स्टेबल बहन से भी उसकी पहचान करवाई और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई। आरोप है कि आरोपी ने महिला का मानसिक रूप से ब्रेनवॉश करना शुरू कर दिया और उसे पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ भड़काने लगा।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया, जबकि वह खुद पहले से शादीशुदा था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जरूरी काम का बहाना बनाकर अपनी बहन के सरकारी आवास पर बुलाया। वहां आरोपी का जीजा भी मौजूद था। कुछ देर बाद बहन और जीजा वहां से चले गए।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: न कार, न घोड़ी; 51 ट्रैक्टरों में दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, JCB से हुआ स्वागत, इंटरनेट पर छाई शादी
इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर कथित रूप से जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिए और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
महिला का कहना है कि आरोपी ने कई बार उसे अलग-अलग सरकारी आवासों पर बुलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी और उसके परिजनों ने मिलकर उससे करीब 28 लाख रुपए और गहने भी हड़प लिए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह दो बार गर्भवती हुई लेकिन आरोपी ने जबरन अबॉर्शन की गोलियां खिलाईं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके बेटे के सामने भी अश्लील हरकतें करता था।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी की पत्नी ने उसे रोहित गोदारा गैंग से मरवाने की धमकी दी थी। महिला से कहा गया कि यदि उसने पुलिस या किसी अन्य एजेंसी में शिकायत की तो उसे और उसके बेटे को जान से मरवा दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।