प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बुधवार को अजमेर स्थित विश्वप्रसिद्ध ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में विशेष आयोजन हुआ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सूफी संवाद महाअभियान के तहत दरगाह शरीफ में चादर पेश की गई। इस मौके पर कव्वाली और सूफी परंपरा के साथ प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, स्वस्थ जीवन, देश की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन की दुआ मांगी गई।
कव्वाली के साथ पेश हुई चादर
दरगाह पहुंचने से पहले मोतीवाला दालान में सूफी कव्वाली का आयोजन किया गया। इसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष शफीक खान और कार्यकर्ताओं का दल चादर लेकर दरगाह शरीफ पहुंचा। दरगाह के गद्दीनशीन खादिम सैयद अफसान चिश्ती ने चादर पेश कर प्रधानमंत्री मोदी की सलामती और मुल्क में शांति-स्थिरता के लिए दुआ की।
‘सूफी परंपरा मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम’
इस अवसर पर सैयद अफसान चिश्ती ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह से हमेशा मोहब्बत और इंसानियत का संदेश जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की राह पर देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूफी परंपरा सबको जोड़ने वाली है और इसी संदेश को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर यहां दोहराया गया है।
यह भी पढ़ें- Narendra Modi: राजस्थान में सेवा पखवाड़ा शुरू: मोदी जन्मदिन पर CM ने किया ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान शुरू
देश की तरक्की के लिए मांगी गई दुआ
चिश्ती ने कहा कि यह आयोजन केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मुल्क के लिए दुआ का अवसर है। दरगाह से यही संदेश दिया गया है कि भारत तरक्की करे, अमन-चैन कायम रहे और प्रधानमंत्री मोदी स्वस्थ रहकर देश का नेतृत्व करते रहें।
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर सूफी संवाद अभियान के राष्ट्रीय सह प्रभारी सैयद अफसान चिश्ती के साथ अजमेर शहर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष शफीक खान, उपाध्यक्ष सैयद मेहराज चिश्ती, उपाध्यक्ष तेजपाल साहनी, महामंत्री सैयद सादिक अली, समिति सदस्य अलीम शेख, सैयद अब्बास अली, इशरत परवीन, शहजाद खान, इमरान खान, जावेद शेख और अरहम चिश्ती सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Sri Ganganagar News: फर्जी ज्योतिषियों के गिरोह का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार, भोले-भाले लोगों से लाखों ठगे