अजमेर एसीबी ने जिले के भिनाय थाने में बुधवार को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते भिनाय थाने के कॉन्स्टेबल और ई-मित्र संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कॉन्स्टेबल के द्वारा शिकायतकर्ता को उसके विरुद्ध दर्ज परिवाद को बंद करने की एवज में 10 हजार की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा था। एसीबी की ओर से कॉन्स्टेबल और ई-मित्र संचालक से पूछताछ की जा रही है।
एसीबी के एडिशनल एसपी भागचंद ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से एसीबी चौकी में पीड़ित ने शिकायत देकर बताया था कि उसके विरुद्ध भिनाय थाने में एक परिवाद दर्ज था, जिसकी जांच कॉन्स्टेबल अर्जुनलाल द्वारा की जा रही थी, जिसमें राजीनामा हो जाने पर परिवाद को बंद करने की एवज में कांस्टेबल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा था।
एडिशनल एसपी ने बताया कि 15 दिसंबर 2024 को 7 हजार की रिश्वत राशि पर मामला तय किया गया और उसी दिन 3 हजार रिश्वत राशि लेकर शेष 4 हजार के बदले प्रार्थी की सोने की अंगूठी कॉन्स्टेबल के साथी ई मित्र संचालक विक्रम शर्मा के पास रखवाई गई। पीड़ित ने 18 दिसंबर को ब्यूरो में मामले की शिकायत की, जो कि 19 दिसंबर को सत्यापन के द्वारा सही पाई गई।
इसके बाद एसीबी ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए शिकायतकर्ता को रिश्वत राशि लेकर भेजा और कॉन्स्टेबल अर्जुनलाल व ई मित्र संचालक विक्रम शर्मा को 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। रिश्वत राशि आरोपी ई मित्र संचालक के पहने हुए जैकेट से बरामद की गई। एसीबी दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।