राजस्थान पुलिस का स्लोगन अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास, अजमेर के नसीराबाद में गलत साबित होता नजर आया। यहां नसीराबाद सिटी थानाधिकारी घनश्याम मीणा ने किसी बात को लेकर थाने पहुंचे एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक को थाने में घुसते ही थाना अधिकारी घनश्याम मीणा ने अपनी वर्दी का खौफ दिखाते हुए उसके गाल पर और गर्दन पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए, जिससे युवक के कान में अंदरूनी चोट आई है। पीड़ित युवक मोइनुद्दीन कुरैशी अपने माता-पिता के साथ थाना अधिकारी द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार की शिकायत लेकर अजमेर पुलिस कप्तान देवेंद्र कुमार बिश्नोई के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।
युवक ने बताया कि सिटी थाने के कुछ पुलिसकर्मी किसी पूछताछ को लेकर पीड़ित के घर पर गए थे। उसी मामले पर बात करने के लिए पीड़ित युवक थाने गया था और थाने में घुसते ही थाना अधिकारी घनश्याम मीणा ने युवक मोइनुद्दीन कुरैशी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करके जातिसूचक शब्दों से युवक को अपमानित किया। फिलहाल एसपी ने पीड़ित युवक को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।