जिले के किशनगढ़-हरमाड़ा रोड स्थित एक प्राइवेट पार्किंग में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में एक ट्रेलर में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रेलर लपटों में घिर गया। हादसे में ट्रेलर के केबिन में सो रहे चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान कुचील निवासी 35 वर्षीय मुकेश रैगर के रूप में हुई है। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार किशनगढ़ के हरमाड़ा रोड स्थित एक निजी ट्रक पार्किंग में ट्रेलर खड़ा था। रात में चालक मुकेश रैगर ट्रेलर के केबिन में सो गया था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से ट्रेलर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह केबिन में ही बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब ट्रेलर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग की लपटों की तीव्रता इतनी थी कि पास खड़े अन्य वाहनों को भी हटाना पड़ा ताकि आग फैल न सके।
ये भी पढ़ें:
Sawai Madhopur: कृषि मंत्री किरोड़ी लाल ने लिया संतों का आशीर्वाद, जन्मदिन पर किया सेवा और विकास का संकल्प
पुलिस के अनुसार ट्रेलर में ग्रेनाइट का माल भरा हुआ था, जिससे आग और भड़क गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने एहतियातन फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा सके।
गांधीनगर थाना पुलिस ने मृतक मुकेश रैगर के शव को राजकीय वाईएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि आग कैसे लगी और क्या कोई लापरवाही हुई थी।
यह दर्दनाक हादसा फिर एक बार ट्रक पार्किंग में सुरक्षा प्रबंधों और बिजली के कनेक्शनों की स्थिति पर सवाल खड़े करता है।
पार्किंग में खड़े ट्रेलर में भीषण आग, चालक की दर्दनाक मौत
पार्किंग में खड़े ट्रेलर में भीषण आग, चालक की दर्दनाक मौत