पेट्रोल टैंक पर युवती को बैठाकर दौड़ाई बाइक
- फोटो : Amar Ujala
अजमेर शहर में सड़क सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए नजर आ रहा है, जबकि बाइक के पेट्रोल टैंक पर एक युवती बैठी हुई है। युवती बाइक पर युवक की तरफ मुंह करके बैठी थी और उसने युवक को गले लगा रखा था। खास बात यह रही कि बाइक चला रहा युवक खुद भी हेलमेट नहीं पहने था। पीछे चल रही कार में सवार व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया
जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 अगस्त की रात करीब 10 बजे पुष्कर घाटी से अजमेर की ओर आने वाले रास्ते की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की। पुलिस ने युवक को रविवार शाम डिटेन कर लिया। उसकी पहचान पीसांगन निवासी 35 वर्षीय प्रदीप कुमार सिवासिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप पीसांगन स्थित सरकारी अस्पताल में पर्ची काटने का काम करता है।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई
पुलिस ने आरोपी की बाइक जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इसके साथ ही युवक का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भी भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने और स्टंट करने के चक्कर में सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहा था। इस तरह बाइक चलाना न सिर्फ युवक और युवती के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था।
ये भी पढ़ें-
झालावाड़ में बारिश का कहर: टापू बना स्कूल, पानी के बीच फंसी 80 छात्रों की सांसें; बच्चों को सुरक्षित निकाला
पुलिस ने बताया कि युवक और युवती अजमेर घूमने आए थे। इसके बाद दोनों पुष्कर घाटी के रास्ते पीसांगन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान युवक ने बाइक पर खतरनाक स्टंट किया, जिसका वीडियो पीछे चल रही कार में सवार व्यक्ति ने बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक तक पहुंच बनाई।