बस के टायर में हवा भरते समय हुआ बड़ा हादसा
- फोटो : अमर उजाला
हादसा मंगलवार सवेरे उस समय हुआ, जब पंचर बनाने के बाद बस चालक टायर में हवा भर रहा था। एकाएक टायर में ब्लास्ट हो गया। इससे चालक करीब 8 फीट हवा में उछल गया। उसके शव के चीथड़े-चीथड़े बिखर गए। हादसे की सूचना मिलने पर रूपनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रूपनगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
रूपनगढ़ थाने के एएसआई गोपाराम ने बताया कि सूरत से गांधीधाम के बीच रजवाड़ी ट्रैवल्स बस चलती है। बस के चालक सीकर जिले में लोसल के नजदीक गणेशपुरा गांव के बोदूराम (38) ने पंचर बनवाने के लिए वाहन को परबतसर मार्ग पर गुजराती होटल पर रोका था। चालक पंचर बनवा रहा था। पंचर बनाने के बाद उसमें हवा भरते समय एका एक टायर में ब्लास्ट हो गया। इससे चालक गणेशपुरा गांव के बोदूराम (38) पुत्र भूराराम जाट करीब 8 फीट तक हवा में उछल गया।
पुलिस ने दी परिजनों को सूचना
ब्लास्ट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव चीथड़ों में बिखर गया। बस का परिचालक शव को टैम्पों में डालकर रूपनगढ़ सीएचसी पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक चालक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के यहां पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर उनके सुपुर्द किया जाएगा।