मलबे में दबे कान्हा को 45 मिनट की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला
- फोटो : अमर उजाला
जाको राखै साईयां..... मार सकै न कोय! जिले के किशनगढ़ में कल रात भरभराकर गिरे मकान के मलबे में दबे एक ही परिवार के तीन सदस्यों में शामिल डेढ़ साल के कान्हा पर यह बात बिल्कुल फिट बैठती है।
कल देर रात डेढ़ बजे हुए हादसे के बाद अंधेरा होने के कारण शुरुआत में रेस्क्यू में दिक्कत आ रही थी, लेकिन मौके पर पहुंचे मदनगंज थाने के एएसआई सत्येंद्र सिंह राठौड़ और स्थानीय लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मलबे को हटाना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में दबे कान्हा को करीब 45 मिनट बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: आधी रात बारिश बनी आफत, भरभराकर गिरा मकान; मलबे में दबा डेढ़ साल का मासूम समेत पूरा परिवार
एएसआई सत्येंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान टीम सबसे पहले मलबे के नीचे दबे डेढ़ साल के कान्हा तक पहुंची। बच्चा करीब 45 मिनट तक मलबे के अंदर दबा रहा। जब उसे बाहर निकाला गया तो उसकी सांसें चल रही थीं और वह रो रहा था।
मासूम को सुरक्षित निकालने के बाद टीम ने रेस्क्यू जारी रखा और अगले 45 मिनट में बच्चे के माता-पिता, राहुल वाल्मीकि (28) और सपना (26) को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब डेढ़ घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कच्चे और जर्जर मकानों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।