राजस्थान में कांग्रेस में कुछ महीनों से मचे सियासी घमासान के बाद सचिन पायलट की मांगों को लेकर बनाई गई तीन सदस्यीय कमेटी में बदलाव होने जा रहा है। पार्टी से अब अहमद पटेल की जगह अंबिका सोनी को लाने की तैयारी है। गुटबाजी की सुगबुगाहट को दूर करने के लिए कांग्रेस लगातार सक्रिय है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार मजबूत हो, बल्कि संगठन में भी दमदार तरीके उभर कर सामने लाने की तैयारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने पटेल के निधन के चलते तीन सदस्यीय कमेटी का काम धीमा होने को लेकर कहा है कि इस मामले में जल्द फैसला लिया जाएगा। इस कमेटी में अंबिका सोनी को नियुक्त किया जा सकता है, इसके लिए उनका नाम सबसे आगे चल रहा हैं। सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों की शिकायतों पर तत्काल फैसला लिया जाएगा। आपको बता दें कि इस कमेटी में अहमद पटेल के अलावा केसी वेणुगोपाल और अजय माकन शामिल थे।
सूत्रों की मानें तो प्रदेश में पंचायत चुनाव में हार के बाद आलाकमान संगठन को मजबूत करने को लेकर बेहद गंभीर है। इस संबंध में निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं पायलट खेमे की शिकायतों पर भी जल्द फैसला लेने की बात कही जा रही है। जल्द ही पायलट को लेकर पार्टी कोई फैसला कर लेगी।
वहीं अब बताया जा रहा है कि गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रभारी अजय माकन व महासचिव रणदीप सुरजेवाला के साथ मिलकर प्रदेश संगठन कार्यकारिणी पर फैसला ले लिया है। खबर है कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से संगठन विस्तार को लेकर अनुमति मिल गई है। इसकी पहली लिस्ट जल्द आएगी।