लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर नाबालिग छात्राओं को सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज सेक्सटॉर्शन के आरोपी जितेंद्र कुमार उर्फ गोलू सोनी पुत्र रामदयाल (30) निवासी पीपली चौराहा असनावर जिला झालावाड़ को साइबर थाना पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से उपयोग में लिए गए मोबाइल फोन, आईफोन, लैपटॉप और ब्रॉडबैंड मॉडम जब्त किए गया।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि साइबर थाना पुलिस को स्कूली छात्राओं के साथ सेक्सटॉर्शन की शिकायत मिली थी। आरोपी सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट और इंस्टाग्राम पर लड़की के नाम से फर्जी आईडी बना स्कूली छात्राओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। बात करते-करते वो छात्राओं के फोटो लेकर एडिटिंग कर हाफ न्यूड कंटेंट में बदल धीरे-धीरे ब्लैकमेल कर सेक्सुअल गतिविधियां करने के लिए मजबूर करने लग जाता। शर्म और डर से बच्चियां किसी को बता नहीं पाती थी।
मामले की गंभीरता को देख एसपी तोमर ने स्वयं के निर्देशन व एएसपी चिरंजीलाल मीणा और साइबर सेल प्रभारी चंद्र ज्योति शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर डाटा संकलन किया गया। अत्यंत गोपनीय तरीके से अनुसंधान कर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट से डाटा प्राप्त कर एनालिसिस में अभियुक्त जितेंद्र कुमार सोनी की पहचान कर इसे गिरफ्तार किया गया।
एसपी तोमर ने बताया कि अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी यौन विकृत मानसिकता से ग्रसित है। पहले भी इस तरह के अपराध में उसे उदयपुर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। बच्चों को सोशल मीडिया ऐप के बारे में जानकारी दे इनकी ऑनलाइन एक्टिविटीज पर निगरानी रख समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करते रहें।