कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात 15 हजार के इनामी पूर्व डकैत जगन गुर्जर के वीडियो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी आध्यात्म गौतम ने बताया कि साइबर सेल की मदद से रामब्रज गुर्जर निवासी मोरोली युवक को पकड़ा गया है। युवक के मोबाइल में उसके फोटो पुलिस की वर्दी में मिले हैं। पुलिस जगन गुर्जर और वर्दी दोनों ही मामलों में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पूर्व डकैत ने दो वीडियो किए थे जारी
थाना प्रभारी गौतम ने बताया कि 22 जनवरी को पूर्व डकैत जगन गुर्जर ने एक वीडियो जारी कर बाड़ी विधायक को जान से मारने की धमकी दी थी। दूसरे वीडियो में भी उसने गाली-गलौज की थी। मामले सामने आने के बाद एसपी शिवराज मीणा ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।