आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई झड़प।
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी, राजस्थान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से व्यक्ति विशेष अदाणी जैसे बिजनेसमैन को ही फायदा पहुंचाने और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने मित्र को लाभ पहुंचाकर देश में महा घोटाला करने के आरोप लगाए। प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने जयपुर में भाजपा कार्यालय पर अदाणी के खिलाफ नारेबाजी के लिए कूच किया तो पुलिस ने लाठियों से कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। बड़ी संख्या में बस भरकर आप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां हुईं।
अदाणी, मोदी और कांग्रेस तीनों की मिलीभगत का जवाब जनता चुनाव में देगी
प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा- राजस्थान की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पुलिस से बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करने पर आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रभारी विनय मिश्रा, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को कार्यालय में ही घेर लिया। साथ ही पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कर प्रभारी के साथ अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिश्रा ने बताया कि आम आदमी पार्टी के मोदी-अदाणी भाई-भाई के विरोध प्रदर्शन में वर्तमान कांग्रेस सरकार को दर्द क्यों हो रहा है? इससे तो आम जनता साफ समझ चुकी है कि अडाणी भाजपा और कांग्रेस, यह सभी एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं और केवल जनता को लूटने का काम करते आए हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी इस तरह का महा घोटाला बर्दाश्त नहीं करेगी। चाहे उसके लिए उसे कई दिनों तक कई महीनों तक प्रदर्शन ही क्यों न करना पड़े। अदाणी, मोदी और कांग्रेस तीनों की मिलीभगत का जवाब जनता राजस्थान विधानसभा 2023 के चुनाव में देगी।