Sri Ganganagar: दुकान में लिफ्ट गिरने से उसके नीचे दबे एक युवक की मौत हो गई। मामले को लेकर एसएचओ पृथ्वीपाल सिंह का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, दुकान को सीज भी नहीं किया गया।
श्रीगंगानगर में फोटो एलबम की दुकान में लिफ्ट गिरने से उसके नीचे दबे एक युवक की मौत हो गई। युवक लिफ्ट में नीचे की तरफ मोबाइल लेने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक लिफ्ट उस पर आ गिरी। एसएचओ पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि सेतिया कॉलोनी निवासी मनोज कुमार (40) की मौत हुई है।
विज्ञापन
युवक के पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह पी ब्लॉक की रॉयल एलबम शॉप पर काम करता था। बुधवार रात 11 बजे युवक दुकान की सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल उस जगह पर गिर गया, जहां दुकान में लगी लिफ्ट आकर ठहरती थी। युवक जैसे ही मोबाइल लेने के लिए वहां पहुंचा, ऊपर से लिफ्ट उस पर गिर गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
एसएचओ पृथ्वीपाल सिंह का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, दुकान को सीज भी नहीं किया गया। जांच अधिकारी से रिपोर्ट मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। दुकान के पार्टनर कुंदन धामू ने बताया कि संभवतः युवक सफाई या किसी अन्य काम से उस जगह पर गया था, जहां लिफ्ट जाकर ठहरती है। युवक लिफ्ट की आवाज सुन नहीं पाया। यह एक हादसा है।