देश अभी कोरोना की दूसरी लहर से जूझ ही रहा है लेकिन राजस्थान के दौसा में कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है। राजस्थान के दौसा जिले में 341 बच्चे कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद ये संभावना जताई जा रही है कि दौसा में कहीं कोरोना की तीसरी लहर तो नहीं आ गई।
तीसरी लहर की दस्तक!
तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए दौसा का जिला प्रशासन पहले से अलर्ट हो गया है। दौसा में 341 बच्चे का कोरोना पॉजिटिव निकलना चिंताजनक है और इन बच्चों की उम्र 0-18 साल के बीच की है। एक मई से 21 मई के दौरान दौसा में 341 बच्चे संक्रमित मिले हैं।
20 दिनों में 341 बच्चे संक्रमित
दौसा जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले 20 दिनों में 341 बच्चे भले ही कोरोना संक्रमित पाए गए हों लेकिन इनमें से कोई भी गंभीर नहीं है। इसके अलावा राजस्थान में ग्रामीण इलाकों में कोरोना की रोकथाम के लिए राजस्थान सरकार अब युद्धस्तर पर काम करने लगी है। स्वास्थ्य अधिकारी गांव-गांव और डोर-टू-डोर जाकर लोगों के कोरोना टेस्ट कर रहे हैं।
गांव में बनेंगे कोविड केंद्र
इसके अलावा गांव में भी कोरोना सेंटर बना जाएगा और जो लोग कोविड पॉजिटिव निकलेंगे उनका इलाज इन्हीं केंद्रों में किया जाएगा। इसके अलावा घर-घर सर्वे का अभियान शुरू कर दिया गया है। बता दें कि देश में जानकारों ने तीसरी लहर की दस्तक के संकेत दे दिए हैं और बताया कि इस बीच बच्चों पर सबसे ज्यादा असर पड़ने वाला है।
तीसरी लहर से पहले ही बच्चों में कोरोना का संक्रमण देखा जा रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे राज्यों में बच्चों में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। एक आंकड़े के मुताबिक, कोरोना की पहली लहर के दौरान 9 मार्च से 25 सितंबर 2020 के बीच 10 साल से छोटे बच्चों के 19,378 मामले और 11-20 साल के बच्चों के 41,985 मामले सामने आए थे। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।