राजस्थान में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले नेता और अफसर पार्टियों का दामन थाम रहे हैं। आज शनिवार को भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर सेवानिवृत प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारियों समेत गुर्जर समाज के 23 नेता भाजपा में शामिल हो गए। इन सभी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि प्रदेश के कौने-कौने से कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों को छोड़कर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के किसानो से वादाखिलाफी की है। जिसके चलते 19400 किसानों की जमीनें नीलाम हो गई। कई किसानों ने कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर ली। प्रदेश में प्रतिदिन 18 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदात हो रही हैं। सीएम अशोक गहलोत दुष्कर्म की घटनाओं पर कार्रवाई करने के बजाया इन्हें झूठा बताते हैं। युवा बेरोजगारी में राजस्थान आज देश में सबसे आगे पहुंच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी लोगों का एक ही लक्ष्य है कि गहलोत सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकना और भाजपा की ऐतिहासिक जीत के साथ विजय संकल्प में जुट जाना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कहीं की ईंट कहीं का रोडा की धारणा पर कुनबा बढ़ाने वाली पार्टियों का कोई अस्तित्व नहीं बचा है। बीते 60 साल में जो नहीं हो पाया वह मोदी सरकार ने बीते 9 साल में कर दिखाया। भारत माता का वैभव बढा है, कश्मीर से धारा 370 हटी है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रदेश की गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के चलते युवा, किसान और महिला समेत हर वर्ग पेरशान हैं। प्रदेश का विकास पूरी तरह अवरूद्ध हो गया है। आज जिन लोगों ने भाजपा का दामन थामा है से सभी लोग प्रदेश के मौजूदा माहौल से बेहद व्यथित हैं। इसलिए बिना किसी शर्त के प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा से जुड़ रहे हैं। प्रदेश में दलित अत्याचार चर्म पर है। जमुवारामगढ़ में सरकार के विधायक दलितों के साथ अनाचार कर रहे हैं। प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार अपने नेताओं को बचाने के अलावा कुछ कर नहीं पा रही है।
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन से प्रदेश का हर वर्ग दुखी है। प्रदेश के सारे बुद्धिजीवी इस बात को मानते हैं कि गहलोत ने मिशन 156 का जो दावा किया है वो पिछली सरकार के समय भी किया था। जिसका हश्र ये हुआ कि पूरी कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई। प्रदेश की महिलाएं सवाल खड़ा कर रही हैं कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री कब ध्यान देंगे। महिलाएं कह रही हैं कि हमें स्मार्ट फोन नहीं चाहिए हमें सुरक्षा चाहिए।
ये नेता भाजपा में हुए शामिल
सेवानिवृत न्यायाधीश किशन लाल गुर्जर, पूर्व पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश पवन कुमार जैन, अनिता कटारा, युगवीर पटेल, कृषि निदेशक सुभाष सिंह, अतर सिंह गुर्जर, सुशीला खैरवा, सीएम अशोक गहलोत के पूर्व ओएसडी महेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक मोतीलाल खरेरा, गोपीचंद गुर्जर, मृदुरेखा चौधरी, प्रोफेसर भरत सिंह, डॉ. दिनेश यादव, कर्मचारी नेता महेश कुमार व्यास और डॉ. किशन लाल मेघवाल, राजगिरी महाराज, विजय सिंह, मिश्रीनाथ, राजन राजावत, चाकसू गुर्जर समाज अध्यक्ष रामसहाय रावत, देवकरण सरपंच, राजाराम गुर्जर और भगवान सिंह गुर्जर को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राष्ट्रीय सचिव डॉ. अल्का गुर्जर समेत ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी मौजूद रहे।