लड़की के पिता को दिए 5 लाख
बचित्तर सिंह ने बताया कि दिसंबर 2020 में उन्होंने अपने बेटे करमजीत सिंह की शादी कमलजीत कौर के साथ की थी। शादी से पहले ही बतौर गारंटी सिकंदर सिंह ने पांच लाख रुपए ले लिए। उन्होंने शादी पर सारा खर्च किया और कमलजीत कौर को कनाडा भेजने के लिए कॉलेज की सारी फीस भी दी। कमलजीत का वीजा और कनाडा में रहन सहन का सारा खर्च उठाया और कुल मिलाकर उनका 37 लाख रुपए खर्च किए।
जानबूझ कर दिए अधुरे दस्तावेज
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कमलजीत कौर ने 2021-22 और 2023 में उनके बेटे करमजीत सिंह का वीजा लगवाने के लिए जानबूझ कर अधूरे कागजात कनाडा दूतावास को भेजे, जिसके चलते तीनों बार वीजा अफसर ने करमजीत को वीजा देने से इंकार कर दिया। कमलजीत कौर ने साजिश के तहत हर बार वीजा आवेदन के दौरान अपना मोबाइल नंबर बदल लिया या फिर स्विच ऑफ रखा ताकि वीजा अफसर उसके साथ संपर्क न कर सके और वीजा कैंसिल हो जाए।
बेटे ने दो बार की आत्महत्या की कोशिश
बचित्तर सिंह ने बताया कि उनके बेटे करमजीत सिंह ने दो बार खुदकुशी की कोशिश भी की और मानसिक परेशानी से गुजर रहा है। उन्होंने कमलजीत कौर की मां, चाचा और ताया पर भी साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन, पुलिस ने सिर्फ कमलजीत कौर और उसके पिता सिकंदर सिंह के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए वह अदालत जाएंगे।