बीएसएफ ने भारत सीमा में घुसपैठ कर रहे दो पाक घुसपैठियों को मार गिराया है। उक्त दोनों घुसपैठिए जीरो लाइन क्रास कर भारत सीमा में पहुंच गए थे और फेंसिंग क्रास करने का प्रयास कर रहे थे। यह घटनाशुक्रवार रात बीएसएफ फिरोजपुर सेक्टर के अमरकोट स्थित बीओपी थेहकलां के पास घटी।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक बीएसएफ बटालियन 103 के जवान रात के समय फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। उन्हें फेंसिंग के उस पार हलचल महसूस हुई। उन्होंने देखा कि बीएसएफ की बीओपी थेहकलां के नजदीक दो पाक घुसपैठिए जीरो लाइन पर लगे बॉर्डर पिलर नंबर 129/13 और 129/14 के बीच से क्रास कर भारत सीमा में प्रवेश कर चुके हैं और फेंसिंग की तरफ बढ़ रहे हैं। बीएसएफ जवानों ने उक्त पाक घुसपैठियों को चेतावनी देकर रुकने को कहा लेकिन जब उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया तो जवानों ने फायरिंग कर दी। बीएसएफ की गोली लगने से दोनों घुसपैठिए ढेर हो गए।
शनिवार सुबह होने पर बीएसएफ अधिकारियों की अगुवाई में जवानों ने उक्त वारदात स्थल पर स्पेशल सर्च अभियान चलाया, लेकिन बीएसएफ को वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हेरोइन की खेप लेकर उनके साथी पाक सीमा में खड़े थे और दो लोग सुरक्षित जगह देखने पहुंचे थे। बीएसएफ पूरे इलाके की छानबीन कर रही है। फिलहाल मारे गए पाक नागरिकों के पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। उक्त दोनों पाक नागरिकों के शव पाक रेंजरों को सौंपने के लिए प्लैग मीटिंग की जाएगी।
इससे पहले शुक्रवार को फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव जोधपुर के नजदीक ममदोट-फिरोजपुर रोड पर नवनिर्मित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट (कन्या) स्कूल के मैदान में डेढ़ फुट लंबा बम मिला था। पुलिस ने बम के आसपास मिट्टी से भरे बैग लगा दिए थ्थे। ममदोट क्षेत्र भारत-पाक की सरहद से जुड़ा है।