‘15 अगस्त तक इस इंडियन फ्लैग को अपनी वाट्सऐप पिक बनाइए प्लीज.... और फिर देखिए आपके फोन के कांटेक्ट में जब सभी की वाट्सऐप पिट में इंडियन फ्लैग लगा होगा तो कितना अच्छा फील होगा.... आफ्टर ऑल वी आर इंडियन... प्लीज पिक चेंज करें आज ही और ये मैसेज फारवर्ड भी करें’ यह मैसेज कल से हर किसी के वाट्सऐप पर भारतीय तिरंगे की तस्वीर के साथ पहुंचता हुआ नजर आ रहा है।
स्वतंत्रता दिवस निकट आने के चलते वाट्सऐप पर इस समय भारतीयता की बयार बहने लगी है। युवा अपने इस अनोखे अंदाज में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह दिखा रहे हैं और यह मैसेज और तिरंगे की तस्वीर अपने ग्रुप तथा सभी दोस्तों को भेजकर प्रोफाइल पिक्चर चेंज करने की अपील कर रहे हैं। युवाओं के इस अभियान के चलते वाट्सऐप पर इस समय सभी के प्रोफाइल में तिरंगे की तस्वीर लगी दिख रही है।
युवा जहां खुद मैसेज पढ़ अपने प्रोफाइल में तिरंगे की तस्वीर लगा रहे हैं, वहीं उनके जो जानकार इसे अनदेखा कर रहे हैं उन्हें फोन कर प्रोफाइल चेंज करने को कह रहे हैं। तिलक नगर, गली नंबर 6 निवासी जीवन कांति ने बताया कि उसे भी किसी ने यह मैसेज और तिरंगे की तस्वीर भेजी। उसने खुद प्रोफाइल चेंज कर आगे भी इसे औरों को फारवर्ड करने को कहा। जीवन ने बताया कि उसने ऐसा ही किया और उसके प्रोफाइल पर इस समय करीब 30-35 युवाओं की प्रोफाइल पर यह तस्वीर लगी है। टिब्बी साहिब रोड निवासी अशविंदर सिंह शवी ने बताया कि उसके ग्रुप में भी ज्यादातर युवाओं ने यह तस्वीर लगाई हुई है।