प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर चल रही तैयारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्नाइपर कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रवेशद्वार और संवेदनशील स्थानों पर टीमें नजर रख रही हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत भी करवा दी गई। लोगों को भी सावधान किया जा रहा है कि यदि उन्हें संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अगस्त को न्यू चंडीगढ़ में कैंसर अस्पताल का शुभारंभ करने आ रहे हैं। जिला प्रशासन ने दौरे की तैयारी में पूरी ताकत झोंक दी है। बारिश और खराब मौसम में भी सड़कों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। गमाड़ा, पावरकॉम और पीडब्ल्यूडी पिछले आठ महीने से ठप कार्यों को पूरा करने जुटा है। इसके लिए 24 घंटे मजदूर लगे हैं। बारिश के बाद भी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। विभाग सड़कों पर लगीं लाइटों को भी ठीक करवा रहा है।
प्रधानमंत्री जनसभा को भी करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए ग्राउंड को ट्रैक्टर एवं जेसीबी मशीनों से समतल कर वाटर प्रूफ टेंट लगाया जा रहा है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल जाने वाली तीनों सड़कों पर पंजाब पुलिस के स्पेशल स्नाइपर कमांडो लगाए गए हैं। यही नहीं कार्यक्रम स्थल से करीब चार-पांच किलोमीटर दूर मुल्लांपुर बैरियर पर भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है।
आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने डाला डेरा
पीएम का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। ऐसे में सुरक्षा से लेकर हर चीज पर पंजाब सरकार काम कर रही है। इतना ही नहीं सीनियर आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। कार्यक्रम के दौरान किसी को परेशानी न आए इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
बिजली विभाग ने तारों को किया अंडर ग्राउंड
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर बिजली विभाग ने अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर से बिजली के तारों को हटाकर अंडरग्राउंड कर दिया है। लेकिन, बाकी इलाके में अभी भी बिजली के तारे खुले हैं।